
टेलीग्राम के जरिए चल रहा विदेश में नौकरी दिलाने का कथित सिंडिकेट, ड्रग्स तस्करी और रूसी सेना में जबरन भर्ती करने का दबाव डालने का आरोप
बिलासपुर। विदेश में अच्छी नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना लेकर रूस गया छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले का 21 वर्षीय युवक कथित मानव तस्करी और ड्रग्स माफिया के जाल में फंस गया है। बिल्हा क्षेत्र के केदारचाल निवासी विनीत दुबे को नौकरी का झांसा देकर रूस ले जाने के बाद कथित तौर पर ड्रग्स तस्करी और रूसी सेना में जबरन भर्ती होने के लिए दबाव बनाया गया। इनकार करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद उसे कथित रूप से झूठे मामले में फंसाकर हिरासत में ले लिया गया।
भाई को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए उसकी 17 वर्षीय छोटी बहन आशी दुबे लगातार प्रयास कर रही है। उसने केंद्रीय गृह मंत्री विजय शर्मा, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई है। हालांकि, करीब डेढ़ महीने से प्रयास करने के बावजूद परिवार को अब तक कोई ठोस राहत नहीं मिल पाई है।
वीडियो संदेश भेजकर भारत सरकार से मांग रहा मदद
बताया गया है कि विनीत अनजान मोबाइल नंबरों से अपनी बहन को वीडियो संदेश भेजकर लगातार मदद की अपील कर रहा है। 15 अक्टूबर को मदद पोर्टल के माध्यम से मिले ईमेल में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि विनीत को ड्रग्स से जुड़े मामले में हिरासत में लिया गया है। दूतावास की ओर से उसके लिए काउंसलर एक्सेस की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, रूसी अधिकारियों की तरफ से अब तक आधिकारिक जवाब मिलने की जानकारी नहीं है।
परिवार का आरोप है कि विनीत के साथ हुई मारपीट और उसकी गंभीर स्थिति के बावजूद उसकी सुरक्षित वापसी के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
टेलीग्राम पर नौकरी के नाम पर युवाओं को फंसाने का आरोप
मामले की पड़ताल में टेलीग्राम पर ‘Work in Russia’ (@RussianVoin1) सहित कई ऐसे ग्रुप सामने आने की बात कही गई है, जहां भारतीय बेरोजगार युवाओं को रूस में आकर्षक वेतन वाली नौकरियों का लालच दिया जा रहा है। इन ग्रुपों में सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर और वेयरहाउस वर्कर जैसे पदों पर हर महीने 3,000 से 3,500 डॉलर यानी करीब 2.5 से 3 लाख रुपये वेतन देने का दावा किया जाता है।
युवाओं को मुफ्त हवाई यात्रा, भोजन और रहने की सुविधा देने का प्रलोभन भी दिया जाता है। आरोप है कि सामान्य नौकरी का भरोसा दिलाकर युवाओं को टूरिस्ट या स्टूडेंट वीजा के माध्यम से रूस बुलाया जाता है। दस्तावेजों के अनुसार, विनीत को भी यूएई की कंपनी जीकेडी ग्लोबल के माध्यम से सिंगल एंट्री ई-वीजा दिलाकर मॉस्को भेजा गया था।
नौकरी के विज्ञापन में छिपा था सेना में काम करने का संकेत
टेलीग्राम चैट की पड़ताल में कुछ विज्ञापनों में सामान्य नौकरियों का उल्लेख करने के साथ ‘Only army work’ लिखा होने की बात सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि नौकरी के नाम पर युवाओं को रूस बुलाकर उन्हें सैन्य गतिविधियों या अन्य अवैध कार्यों में धकेला जा सकता है।
बहन की गुहार, भाई को सुरक्षित वापस लाने के लिए हो कार्रवाई
विनीत की बहन आशी दुबे की मांग है कि भारत सरकार इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करे। विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास रूसी अधिकारियों से समन्वय कर उसके भाई को आवश्यक कानूनी और कांसुलर सहायता उपलब्ध कराएं तथा उसकी सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करें।
यह मामला विदेश में रोजगार के नाम पर युवाओं को फंसाने वाले कथित नेटवर्क के प्रति गंभीर चेतावनी है। रोजगार के लिए विदेश जाने वाले युवाओं को वीजा, कंपनी, नियुक्ति पत्र और भर्ती एजेंट की विश्वसनीयता की पूरी जांच करनी चाहिए।
