
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सिंघनपुर गुफा में रिसर्च के लिए पहुंची यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों की पांच सदस्यीय टीम पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित सिंघनपुर गुफा का निरीक्षण करने राजधानी रायपुर की एक यूनिवर्सिटी से वैज्ञानिकों की टीम पहुंची थी। टीम में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। बताया जा रहा है कि वैज्ञानिक गुफा के भीतर प्राचीन शैल चित्रों का अध्ययन कर रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए सभी सदस्य इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बचाव कार्य के दौरान एक वनकर्मी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
डायल 112 और वन विभाग की संयुक्त टीम ने दुर्गम पहाड़ी रास्तों से घायलों को स्ट्रेचर की मदद से नीचे उतारा। इसके बाद सभी को उपचार के लिए ओपी फोर्टिस जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ब्रम्हानंद धृतलहरे (27 वर्ष), स्मृद्धि (69 वर्ष), भाग्यश्री (30 वर्ष), सुमन (35 वर्ष), निहारिका (36 वर्ष) और गितेश्वर पटेल को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया। इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग द्वारा गुफा क्षेत्र में मधुमक्खियों की सक्रियता को लेकर भी जांच की जा रही है।
