तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क पर तड़पते रहे युवक: रेड सिग्नल पर खड़ी बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत

Spread the love

दुर्ग-भिलाई, 17 मई 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुपेला थाना क्षेत्र के चंद्रामौर्या चौक पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे और सड़क पर तड़पते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन युवक दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर एसी रिपेयरिंग के काम से जा रहे थे। वे सुपेला से पावर हाउस की ओर जा रहे थे और चंद्रामौर्या चौक पर रेड सिग्नल होने के कारण रुके हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार क्रमांक CG07BR0571 ने पीछे से आकर दोनों बाइकों को कुचल दिया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद नूर खान और मनोहर को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक सलीम का एक निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान

  • नूर खान (15 वर्ष), निवासी सुपेला, भिलाई
  • मनोहर (55 वर्ष), निवासी रायपुर

बताया जा रहा है कि दोनों एक ही स्कूटी में सवार थे और एसी रिपेयरिंग का काम करते थे।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना में कार और दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि कार चालक तेज रफ्तार में था और उसने सिग्नल तोड़ते हुए लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाया।

आरोपी चालक हिरासत में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

भिलाई सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह नशे की हालत में था या नहीं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सिग्नल तोड़ने की बात सामने आई है, हालांकि पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कार ड्राइवर सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया है।

परिजनों का फूटा गुस्सा

मृतक नूर खान की मामी ने हादसे के बाद रोष जताते हुए कहा कि उनका भांजा काम पर जा रहा था और खड़ी स्कूटी को कार ने टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि परिवार को इंसाफ चाहिए और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर रहा है। लगातार बढ़ते सड़क हादसे लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?