
बिलासपुर हाईकोर्ट ने कहा- नियमों में राउंड ऑफ का प्रावधान नहीं तो नहीं मिल सकता अतिरिक्त लाभ, एक अंक से प्रभावित हो सकती है अभ्यर्थियों की मेरिट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2022 में 89.907 अंक प्राप्त करने वाली अभ्यर्थी को 90 अंक मानकर उत्तीर्ण घोषित करने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में निर्धारित न्यूनतम अंकों की अनिवार्य शर्त पूरी करना जरूरी है। यदि परीक्षा के नियमों में अंकों को राउंड ऑफ करने का प्रावधान नहीं है, तो दशमलव वाले अंकों को बढ़ाकर पात्रता प्रदान नहीं की जा सकती। इसी आधार पर अदालत ने अभ्यर्थी की याचिका खारिज कर दी।
मामला मुंगेली जिले के सेमरसाल निवासी गरिमा पांडेय से जुड़ा है। उन्होंने वर्ष 2022 में आयोजित TET परीक्षा में हिस्सा लिया था। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा उत्तीर्ण करने न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक यानी 150 में से 90 अंक निर्धारित थे, जबकि गरिमा को 89.907 अंक प्राप्त हुए थे। उन्होंने अपने अंकों को राउंड ऑफ कर 90 मानने और उत्तीर्ण घोषित करने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
मॉडल आंसर में बदलाव को लेकर भी उठाया सवाल
अभ्यर्थी ने परीक्षा के प्रश्न क्रमांक 145 के उत्तर को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई थी। प्रश्न में पूछा गया था कि दुनिया का पहला व्यावसायिक कंप्यूटर कौन-सा था? इसके विकल्पों में मैनियाक, एनिएक, यूनिवैक और एडसैक शामिल थे।
याचिकाकर्ता के अनुसार, व्यापमं ने प्रारंभिक मॉडल आंसर में विकल्प C यानी यूनिवैक को सही माना था, लेकिन अंतिम मॉडल आंसर में इसे बदलकर विकल्प B यानी एनिएक को सही घोषित कर दिया। छात्रा ने यूनिवैक को सही उत्तर बताते हुए इस प्रश्न का एक अंक देने और परिणाम दोबारा जारी करने की मांग की थी।
विशेषज्ञों के निर्णय में हस्तक्षेप नहीं कर सकती अदालत
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि परीक्षा के प्रश्नों के सही उत्तर निर्धारित करना विषय विशेषज्ञों का कार्य है। अदालत विशेषज्ञों के स्थान पर स्वयं उत्तर तय नहीं कर सकती। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का उल्लेख करते हुए कोर्ट ने कहा कि मॉडल आंसर में हस्तक्षेप तभी किया जा सकता है, जब उसमें स्पष्ट और प्रमाणित त्रुटि सामने आए। केवल किसी अन्य पुस्तक या शैक्षणिक स्रोत में अलग जानकारी उपलब्ध होने से अंतिम मॉडल आंसर को गलत नहीं माना जा सकता।
राउंड ऑफ का लाभ नियमों पर निर्भर
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सामान्य गणितीय प्रक्रिया में दशमलव के आधार पर किसी संख्या को अगली या पिछली पूर्ण संख्या में बदला जा सकता है, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं में इसका लाभ तभी दिया जा सकता है, जब संबंधित परीक्षा के नियम इसकी अनुमति देते हों। TET-2022 के नियमों में अंकों को राउंड ऑफ करने का कोई प्रावधान नहीं था।
अदालत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अंकों का मामूली अंतर भी अभ्यर्थियों की मेरिट और चयन की स्थिति को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में किसी एक अभ्यर्थी को विशेष रूप से राउंड ऑफ का लाभ देना अन्य अभ्यर्थियों के हितों पर असर डाल सकता है। इन्हीं तथ्यों और नियमों के आधार पर हाईकोर्ट ने 89.907 अंकों को 90 मानने तथा उत्तीर्ण घोषित करने की मांग स्वीकार नहीं की और याचिका खारिज कर दी।

