
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालयों में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 1812 पदों पर संविदा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। भर्ती प्रक्रिया केंद्रीकृत तरीके से होगी और अभ्यर्थियों को शिक्षा विभाग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
भर्ती में शैक्षणिक के साथ गैर-शैक्षणिक पद भी शामिल
जारी विज्ञापन के अनुसार व्याख्याता के 518 पदों पर भर्ती होगी। इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, गणित के 49, भौतिक विज्ञान के 53, हिंदी के 51, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44, जीव विज्ञान के 39 और सामाजिक विज्ञान के 52 पद शामिल हैं।
सहायक शिक्षक के 590 पद रखे गए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शिक्षक के 106, कला के 72, गणित के 68, विज्ञान के 56 और हिंदी-संस्कृत के 34 पद हैं। गैर-शैक्षणिक एवं अन्य पदों में प्राथमिक पाठ्यक्रम के 27, पूर्व माध्यमिक पाठ्यक्रम के 24, कक्ष सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद शामिल हैं।
दुर्ग जिले में सबसे अधिक 229 पद
जिलावार पदों की बात करें तो दुर्ग जिले में सबसे अधिक 229 पदों पर भर्ती होगी। रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सक्ती में 73, सरगुजा में 72, बलौदाबाजार और बीजापुर में 61-61 पद हैं। सुकमा में 9 और कोरिया में सबसे कम 8 पद रखे गए हैं।
मई में रद्द हुई थी जिला स्तरीय भर्ती
इससे पहले 30 मई को शुरू की गई जिला स्तरीय भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया था। अब करीब चार महीने बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने केंद्रीकृत भर्ती के लिए नया विज्ञापन जारी किया है। रायपुर जिले के 33 स्वामी आत्मानंद स्कूलों में पहले 152 पद रिक्त बताए गए थे, जबकि नई भर्ती में रायपुर जिले के लिए 141 पद रखे गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन के लिए शिक्षा विभाग का पोर्टल
अभ्यर्थी आधिकारिक शिक्षा विभाग के पोर्टल eduportal.cg.nic.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, अनुभव और अन्य आवश्यक शर्तों की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में जरूर जांचने की सलाह दी गई है।


