सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वैश्विक निवेशकों से करेंगे सीधा संवाद

Spread the love

SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, संसाधनों और निवेश अवसरों को करेंगे प्रस्तुत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 3 अक्टूबर को सिंगापुर पहुंचे। वे सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के प्रथम SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में वैश्विक निवेश की संभावनाओं को सामने रखना और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय के साथ संवाद को मजबूत करना है। फोरम के दौरान वे प्रदेश की उपलब्धियों, प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक क्षमता, अधोसंरचना और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं की जानकारी निवेशकों को देंगे।

CEO राउंडटेबल में निवेशकों से होगी सीधी चर्चा

SING फोरम 2026 के अंतर्गत आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की मौजूदा औद्योगिक क्षमता के साथ-साथ उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को भी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

नई औद्योगिक नीति और संसाधनों पर रहेगा जोर

मुख्यमंत्री के अनुसार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है। इसके लिए नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधन, बेहतर अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों को निवेश के प्रमुख आधार के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ छत्तीसगढ़ में उपलब्ध औद्योगिक और व्यावसायिक अवसरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाना है।

निवेश के साथ रोजगार और औद्योगिक विस्तार पर भी जोर

राज्य सरकार के अनुसार नए निवेश से औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने की संभावनाएं हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे के दौरान निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

SING फोरम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, संसाधनों और भविष्य की निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?