
भिलाई। इंदिरा गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर में 13 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बाइक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर वैशाली नगर एवं वृंदा नगर, भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकली। बड़ी संख्या में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम ने तिरंगा रैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की शान और सम्मान को बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि केसरिया रंग साहस एवं शक्ति, सफेद रंग सत्य एवं शांति तथा हरा रंग धरती की उर्वरता एवं विकास का प्रतीक है। उन्होंने ध्वज के मध्य स्थित अशोक चक्र के महत्व को भी समझाया और कहा कि इसके 24 तीलियां जीवन में निरंतर गतिशीलता एवं प्रगति का संदेश देती हैं।
महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कैलाश शर्मा ने तिरंगे के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत के राष्ट्रीय ध्वज का स्वरूप समय और परिस्थितियों के अनुरूप विकसित हुआ। वर्तमान तिरंगे को 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा द्वारा भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अंगीकृत किया गया था। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, गरिमा और सम्मान के प्रति जागरूक किया।
बाइक तिरंगा रैली का संचालन महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी सब लेफ्टिनेंट महेश अलेंद्र के मार्गदर्शन में किया गया। रैली के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, क्रीड़ाधिकारी, ग्रंथपाल, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। तिरंगा रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

