
धमतरी। युवाओं में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 14 जून 2026, रविवार को गंगरेल बांध में भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 6 बजे से होगा, जिसमें प्रदेशभर के युवा एवं महिला प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य “स्वस्थ युवा, सशक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प को आगे बढ़ाना है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर गंगरेल बांध के रमणीय वातावरण में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में साइकिलिंग प्रेमियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
पुरुष (युवा) वर्ग में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपए, तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपए, चतुर्थ पुरस्कार 5 हजार रुपए, पंचम पुरस्कार 2,500 रुपए तथा षष्ठम पुरस्कार 1,000 रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार रुपए, तृतीय पुरस्कार 2,500 रुपए तथा चतुर्थ पुरस्कार 1,000 रुपए रखा गया है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, खेल संस्कृति को प्रोत्साहन देने तथा महिलाओं की खेलों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ सम्मानित भी किया जाएगा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं जनसेवक खूबलाल ध्रुव ने प्रदेश के खेल प्रेमी युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं साइकिलिंग उत्साहियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवा शक्ति, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
आयोजन समिति ने उम्मीद जताई है कि गंगरेल बांध साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता 2026 प्रदेश के खेल कैलेंडर में एक यादगार आयोजन साबित होगी और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करेगी।

