छत्तीसगढ़ में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा, 8 हजार से ज्यादा पास जारी

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू की है। इस योजना के तहत अब तक राज्यभर में 8 हजार से अधिक बुजुर्गों को बस पास जारी किए जा चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा करीब 2 हजार पास रायपुर जिले में बनाए गए हैं। योजना के माध्यम से बुजुर्ग बस पास दिखाकर छत्तीसगढ़ में बसों से निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे।

बस संचालकों को बुजुर्गों के सम्मान के निर्देश

राज्य सरकार ने बस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ लेने वाले वरिष्ठ नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। बस में उनके बैठने की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि वे आरामदायक तरीके से यात्रा कर सकें। इस पहल से बुजुर्गों को सामाजिक, पारिवारिक और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।

परिवहन विभाग ने योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सभी जिलों के बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय, सार्वजनिक स्थानों और बसों में जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाने शुरू किए हैं। विभाग ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि योजना का लाभ लेने में किसी बुजुर्ग को परेशानी होने पर उसकी शिकायत का तत्काल समाधान किया जाए।

ऐसे बनवाएं निःशुल्क बस पास

80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक अपने नजदीकी समाज कल्याण विभाग कार्यालय अथवा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में जाकर बस पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वरिष्ठ नागरिक बस पास या सियान सेवा बस पास का आवेदन फॉर्म प्राप्त करना होगा। फॉर्म के साथ आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां और फोटो जमा करनी होगी। आयु एवं निवास के सत्यापन के बाद बस पास जारी किया जाएगा।

इच्छुक नागरिक छत्तीसगढ़ के ऑनलाइन सेवा पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए छत्तीसगढ़ ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा पोर्टल पर जाकर सिटीजन लॉगिन के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद उपलब्ध सेवाओं में वरिष्ठ नागरिक बस पास का विकल्प चुनकर मांगी गई जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड किए जा सकते हैं।

सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

योजना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए सियान हेल्पलाइन नंबर 155326 पर संपर्क किया जा सकता है। यदि किसी पात्र बुजुर्ग को बस पास बनवाने या यात्रा के दौरान योजना का लाभ लेने में परेशानी होती है, तो संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा सकती है।

रायपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन के अनुसार, 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्ग परिवहन विभाग से निःशुल्क बस यात्रा के लिए पास बनवा सकते हैं। रायपुर में अब तक 2 हजार से अधिक पास जारी किए जा चुके हैं।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को आवागमन में आर्थिक राहत देना और उन्हें जरूरी कार्यों के लिए सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?