
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित होगा स्टेडियम, दिसंबर से निर्माण शुरू होने की संभावना; फ्लडलाइट, आधुनिक ड्रेनेज और दर्शक दीर्घा समेत तैयार होगा पूरा खेल परिसर
दुर्ग। शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खेल सौगात की तैयारी है। दुर्ग के रविशंकर शुक्ल स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैदान के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के लिए स्टेडियम का प्रस्तावित नक्शा तैयार हो चुका है। दुकानों और दफ्तरों को हटाने के बाद दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
स्टेडियम के विकास से पहले इसके हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद थ्री-डी मैप तैयार किया जाएगा। इस परियोजना को स्थानीय विधायक एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के प्रयासों से आगे बढ़ाया जा रहा है। योजना पूरी होने के बाद दुर्ग में स्थानीय और घरेलू क्रिकेट के साथ बड़े स्तर के क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन के लिए भी बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
225.91 मीटर लंबा और 173.55 मीटर चौड़ा होगा मुख्य क्रिकेट क्षेत्र
प्रस्तावित योजना के अनुसार स्टेडियम का मुख्य क्रिकेट क्षेत्र करीब 225.91 मीटर लंबा और 173.55 मीटर चौड़ा होगा। मैदान के चारों ओर दर्शक दीर्घा और पवेलियन ब्लॉक विकसित किए जाएंगे। पिच, क्रिकेट स्क्वायर, प्रैक्टिस पिच और आउटफील्ड को आधुनिक क्रिकेट की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने की योजना है।
स्टेडियम में फ्लडलाइट की सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे दिन के साथ रात में भी मुकाबले आयोजित किए जा सकेंगे। भविष्य में यहां बड़े घरेलू मुकाबलों के साथ उच्च स्तर के क्रिकेट मैचों की मेजबानी की संभावनाएं बढ़ेंगी।
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम की तर्ज पर ड्रेनेज सिस्टम
अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम को महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है। प्रस्तावित योजना में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की तर्ज पर ड्रेनेज तकनीक विकसित करने की बात कही गई है। बारिश के दौरान मैदान से पानी तेजी से निकालने और खेल को जल्द शुरू कराने के लिहाज से यह व्यवस्था महत्वपूर्ण होगी।
तीन तरफ पार्किंग, खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए अलग रास्ते
स्टेडियम के उत्तर, पश्चिम और दक्षिण हिस्से में बड़े पार्किंग जोन चिह्नित किए गए हैं। मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अलग-अलग प्रवेश और निकासी मार्ग विकसित करने की योजना है।
खिलाड़ियों, वीआईपी और आम दर्शकों के लिए प्रवेश-निकासी को अलग रखने का प्रस्ताव है। उत्तर-पश्चिम दिशा में राजेंद्र पार्क चौक और स्टेशन रोड से आने वाले मार्गों को स्टेडियम पार्किंग से जोड़ने की योजना है। दक्षिण दिशा में दुर्ग-उतई रोड और पूर्व दिशा में एसपी बंगला रोड से कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
स्टेडियम के साथ आसपास के क्षेत्र को भी आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना के पूरा होने के बाद दुर्ग को क्रिकेट से जुड़ी बड़ी खेल गतिविधियों के लिए नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

