दुर्ग में साइबर ठगी-सट्टे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 257 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

3,162 म्यूल बैंक खातों की पहचान, 63 FIR में 1,668 खातों पर कानूनी कार्रवाई; 2.75 करोड़ रुपए की विवादित रकम फ्रीज

दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 257 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने 3,162 म्यूल बैंक खातों की पहचान की है। इनमें से 1,668 खातों के खिलाफ 63 FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार, चिन्हित म्यूल खातों में से 578 खातों का सत्यापन और इस्तगासा की कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 916 खाते अभी जांच के दायरे में हैं। इन खातों से जुड़े बैंकिंग लेन-देन, KYC दस्तावेज, मोबाइल नंबर, UPI ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

बैंक खातों से UPI ट्रांजेक्शन तक जांच

म्यूल खातों की पहचान के लिए पुलिस ने साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से संबंधित शिकायतों के साथ बैंकिंग ट्रांजेक्शन, KYC रिकॉर्ड, UPI लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसके जरिए रकम के एक खाते से दूसरे खाते तक पहुंचने वाली कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

जांच के दौरान बैंक खातों से संबंधित अभिलेख, ATM कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल फोन, SIM कार्ड, KYC दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

63 FIR में 1,668 खातों पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, अब तक दर्ज 63 FIR में 1,668 म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन मामलों में कुल 257 गिरफ्तारियां हुई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों का इस्तेमाल किसने किया और इनके जरिए साइबर ठगी या सट्टे की रकम किन-किन खातों में भेजी गई।

2 करोड़ 75 लाख रुपए से अधिक की रकम पर होल्ड

साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े मामलों में पुलिस ने 2 करोड़ 75 लाख 50 हजार 91 रुपए की विवादित रकम पर होल्ड लगाया है। इसका उद्देश्य रकम को आगे ट्रांसफर होने या खातों से निकाले जाने से रोकना है।

कमीशन और आसान कमाई का लालच देकर लेते हैं खाते

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े लोग कई बार लोगों को कमीशन या आसान कमाई का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करते हैं। इन खातों का इस्तेमाल ठगी या अन्य अवैध गतिविधियों से प्राप्त रकम जमा करने और उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है।

कुछ मामलों में खाताधारक खुद अपना बैंक खाता दूसरे लोगों को उपलब्ध कराते हैं, जबकि कुछ मामलों में खातों से होने वाले लेन-देन का संचालन दूसरे लोग करते हैं। पुलिस ऐसे खाताधारकों और वास्तविक रूप से खातों का संचालन करने वालों की भूमिका की जांच कर रही है।

916 म्यूल खातों की जांच जारी

दुर्ग पुलिस के मुताबिक, 916 लंबित म्यूल खातों की तकनीकी और वित्तीय जांच अभी जारी है। इन खातों के लेन-देन, KYC दस्तावेज और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच में संबंधित लोगों की भूमिका सामने आने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?