
बिलासपुर। कोरी डैम में अचानक जलस्तर बढ़ने या बोटिंग के दौरान किसी हादसे की स्थिति से निपटने के लिए SDRF और होमगार्ड की टीम ने मॉक रेस्क्यू ऑपरेशन किया। इस दौरान जवानों ने बोट के जरिए पानी में पहुंचकर बाढ़ या जल हादसे में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में आयोजित इस मॉक एक्सरसाइज में सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल तक पहुंचने, स्थिति का आकलन करने और रेस्क्यू शुरू करने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। जवानों ने विभिन्न रेस्क्यू उपकरणों का इस्तेमाल कर आपदा की स्थिति में बचाव कार्य करने की अपनी तैयारियों को परखा।
बाढ़ में फंसे व्यक्ति को निकालने का अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान आपदा जैसी स्थिति तैयार की गई। इसके बाद SDRF और होमगार्ड के जवान बोट के माध्यम से मौके पर पहुंचे और पानी में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। इस दौरान टीम की त्वरित प्रतिक्रिया और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल को भी परखा गया।
रेस्क्यू उपकरणों का किया निरीक्षण
मॉक एक्सरसाइज के दौरान आपदा प्रबंधन और बचाव कार्य में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कलेक्टर और एसएसपी ने उपकरणों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनके उपयोग एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
बेहतर तालमेल से बचाई जा सकती है जान
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई और विभिन्न टीमों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। प्रशासन, पुलिस, SDRF, होमगार्ड और स्थानीय अमले के बीच तालमेल मजबूत होने से राहत एवं बचाव कार्य को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल से वास्तविक आपदा के दौरान आने वाली चुनौतियों को पहले से समझने और तैयारियों को बेहतर करने में मदद मिलती है।
एसएसपी ने जवानों को सतर्क रहने के दिए निर्देश
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि बाढ़ या किसी अन्य आपदा की स्थिति में पुलिस और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण होती है। नियमित अभ्यास से जवानों को कठिन परिस्थितियों में सुरक्षित और प्रभावी तरीके से काम करने का अनुभव मिलता है। उन्होंने जवानों को आपदा के दौरान धैर्य, सतर्कता और सावधानी के साथ रेस्क्यू करने के निर्देश दिए।
मॉक एक्सरसाइज में अपर कलेक्टर ज्योति पटेल, एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह, होमगार्ड डीआईजी एलपी वर्मा, डिवीजनल कमांडेंट नरसिंह नेताम, एसडीएम प्रवेश पैकरा, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एवं SDRF प्रभारी दीपांकुर नाथ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और रेस्क्यू टीम के जवान मौजूद रहे।
