
रायपुर 09 मई 2026। रायपुर में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम की एक सिटी बस में अचानक आग लग गई। घटना जब्बार नाला के पास हुई। जहां चलते-चलते बस से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। हादसे के समय बस बलौदाबाजार से रायपुर की ओर आ रही थी। इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई क्षति नहीं पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की टीम द्वारा आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक घटना पंडरी थाना क्षेत्र का हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस के पिछले हिस्से से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना राहगीरों ने शाम करीब सात बजे पंडरी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का एक हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था। मौके पर मौजूद लोगों ने भी शुरुआती तौर पर आग बुझाने की कोशिश की। घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। पंडरी पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही हैए हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Video Player

