डबल मर्डर: पति-पत्नी की हत्या, वारदात स्थल मिले होली के मुखौटे व नकली बाल, लूट या फिर….

Spread the love

जांजगीर-चांपा जिले के खपरी गांव में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटनास्थल से होली का मुखौटा और नकली बाल बरामद हुए हैं, पुलिस लूट के एंगल से जांच कर रही है।

 

जांजगीर-चांपा 1 अप्रैल 2026: जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक दंपत्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को घटनास्थल से होली का मुखौटा और नकली बाल (विग) बरामद हुए हैं, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए भेष बदलकर आए थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर घर में पेड़ के सहारे चढ़कर अंदर घुसे थे। इससे साफ है कि उन्होंने पहले से रेकी की थी और वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। घर के अंदर घुसने के बाद आरोपियों ने दंपत्ति पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

घटना के बाद जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।सबसे अहम बात यह है कि महिला के गले से सोने का हार गायब पाया गया है। इस आधार पर पुलिस लूट के उद्देश्य से हत्या की आशंका जता रही है। हालांकि अन्य कोणों से भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित अपराध प्रतीत होता है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, यदि उपलब्ध हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?