
दुर्ग, 21 मार्च 2026।
थाना जामुल क्षेत्र में सुबह टहलने निकली एक बुजुर्ग महिला से सोने की चैन झपटमारी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का गहना एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी जप्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी शशि गोंड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 7:15 बजे टहलते समय एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी से आया और उनके गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गया। मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत धारा 304(2), 112(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी ज्वाला बैरागी (42 वर्ष), निवासी भिलाई को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार करते हुए लूटी गई चैन को रायपुर के रामनगर स्थित एक ज्वेलर्स को बेचने की जानकारी दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दूसरे आरोपी अनुज सोनी, निवासी कर्मा चौक, रामनगर गुढ़ियारी रायपुर को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से सोने का गहना बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया था।
इस कार्रवाई में थाना जामुल के निरीक्षक रामेंद्र सिंह, उप निरीक्षक एवं अन्य पुलिस स्टाफ सहित एसीसीयू टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुबह या सुनसान स्थानों पर टहलते समय सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

