
बिलासपुर | 17 मार्च 2026
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में घर के अंदर अकेली रह रही महिला की फ्रिज ब्लास्ट होने से जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फ्रिज का कंप्रेसर फटने से घर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लिंगियाडीह स्थित सांई मंदिर के पास रहने वाली 55 वर्षीय जया अग्रवाल घर में अकेली थीं। घटना के समय उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था। देर रात अचानक फ्रिज में ब्लास्ट हुआ, जिससे घर में भीषण आग फैल गई। अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण महिला बाहर नहीं निकल सकीं।
3 घंटे बाद बुझी आग, खिड़की तोड़कर निकाला शव
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिसकर्मियों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और दरवाजे का ताला तोड़ा। अंदर महिला का जला हुआ शव मिला, जबकि पास में फ्रिज पूरी तरह से जला और क्षतिग्रस्त पड़ा था।
कंप्रेसर ब्लास्ट से हादसे की आशंका
सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में फ्रिज के कंप्रेसर फटने से आग लगने की आशंका है। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण महिला बाहर नहीं निकल सकीं और हादसे का शिकार हो गईं।
पोस्टमार्टम बाकी
मृतका के परिजन के बाहर होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

