
दुर्ग-भिलाई |
भिलाई के सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुए उत्पात, प्राचार्य से दुर्व्यवहार, शासकीय कार्य में बाधा तथा शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में भिलाईनगर पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अतुल कुमार चौधरी (19 वर्ष), निवासी खुर्सीपार एवं केतन तिवारी (23 वर्ष), निवासी नेहरू नगर सुपेला शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 9 दिसंबर को महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फॉर्म के परीक्षण एवं हस्ताक्षर से संबंधित शासकीय कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान महाविद्यालय का पूर्व छात्र आकाश कन्नौजिया अपने साथियों दीपक पाल, आनंद यादव, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा सहित अन्य छात्रों के साथ नारेबाजी करते हुए अनाधिकृत रूप से कॉलेज परिसर में प्रवेश कर गया।
आरोपियों ने प्राचार्य कक्ष में घुसकर गाली-गलौज की, टेबल का कांच तोड़ दिया तथा शासकीय दस्तावेजों को फेंकते हुए कई कागजात फाड़ दिए और उन पर स्याही डालकर नुकसान पहुंचाया। आरोपियों ने जूते-चप्पलों की माला बनाकर प्राचार्य को पहनाने का प्रयास किया तथा उनके नाम पट्ट (नेम प्लेट) पर स्याही पोतकर उसे विरूपित कर दिया।
घटना के दौरान धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे शासकीय कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। प्राचार्य की शिकायत पर थाना भिलाईनगर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में एनएसयूआई के महासचिव आकाश कन्नौजिया सहित अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रहे अतुल चौधरी और केतन तिवारी को लगातार दबिश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
