दुर्ग में युवती की हत्या कर शव जलायामॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखी जली हुई लाश, पुलिस-फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

Spread the love

दुर्ग। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरई गांव के करगाडीह रोड पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने नहर किनारे एक युवती का जला हुआ शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मौके से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल के पास से धारदार हथियार बरामद किया गया है। साथ ही आसपास की पत्थरों पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या धारदार हथियार से करने के बाद शव को पत्थरों से भी कुचला गया और सबूत मिटाने के लिए उस पर पलारी डालकर आग लगा दी गई।

फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और युवती की पहचान किए जाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर क्षेत्र को सील किया। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

यह वारदात क्षेत्र में भय और आक्रोश दोनों का कारण बनी हुई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?