
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। देर रात लालखदान फ्लाईओवर ब्रिज पर नाइट ड्यूटी से लौट रहे एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू और बेल्ट से हमला कर दिया। हमलावर युवक से नकदी और मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों ने डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही लूट और हमले की वारदातों ने तोरवा थाना पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घायल से पूछताछ के बाद होगा खुलासा
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि घायल युवक से पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी जानकारी सामने आएगी। फिलहाल युवक के परिजन उसकी बाइक लेने थाने पहुंचे थे, लेकिन अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला पुरानी रंजिश के कारण हुआ या फिर लूटपाट के इरादे से।
चार दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात
गौरतलब है कि चार दिन पहले हेमूनगर फ्लाईओवर ब्रिज के पास भी एक युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट की घटना हुई थी। उस मामले के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि लालखदान फ्लाईओवर पर आए दिन लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है। लोगों ने क्षेत्र में रात के समय नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

