रायपुर में गर्लफ्रेंड को रोकने बोनट पर चढ़ा युवक, गिरने से मौत: दोस्त ने कार दौड़ाई, 200 मीटर बाद सड़क पर गिरा; पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर में रिश्तों के विवाद के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गर्लफ्रेंड को रोकने के लिए कार के बोनट पर चढ़ा युवक कार आगे बढ़ने के बाद करीब 200 मीटर दूर सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह ठेकेदारी का काम करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गर्लफ्रेंड को दोस्त के साथ देखकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर परमप्रीत सिंह एम्स के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देखा। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया गया है कि परमप्रीत और युवती पिछले करीब 3-4 साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों परिवारों के बीच शादी की बात भी तय होने की जानकारी सामने आई है। युवती अपनी मां को लेने राजिम जाने वाली थी।

कार के बोनट पर चढ़ गया परमप्रीत

विवाद के बाद युवती अपने दोस्त भरत के साथ जाने लगी। इसी दौरान परमप्रीत ने दोनों को रोकने की कोशिश की और भरत की कार में टक्कर मार दी। कार रुकने के बाद परमप्रीत उसके बोनट पर चढ़ गया और युवती से नीचे उतरने के लिए कहने लगा।

आरोप है कि इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी। कार करीब 200 मीटर तक चलती रही और इसी दौरान परमप्रीत सड़क पर गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परमप्रीत को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कार चला रहे भरत मंगनानी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: घटना के संबंध में सामने आई जानकारी पुलिस जांच के अधीन है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?