गर्लफ्रेंड के घर की छत पर मिली युवक की लाश, शराब पार्टी के बाद हुआ था विवाद

Spread the love

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसकी गर्लफ्रेंड के घर की छत पर मिला। घटना के समय घर में एक अन्य कपल समेत कुछ लोग मौजूद थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार सिद्धांत दान (28) सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर में अंजलीना के साथ उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी।

इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को कथित तौर पर गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया।

छत पर बेसुध मिला युवक

विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत बेसुध हालत में पड़ा मिला। उसने युवक को होश में लाने का प्रयास किया और सीपीआर भी दिया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।

इसके बाद घर में मौजूद लोगों की मदद से सिद्धांत को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सुबह पुलिस को मिली सूचना

घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में युवक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद की जानकारी सामने आई है, लेकिन सिद्धांत की मौत किस वजह से हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना के समय घर में मौजूद अंजलीना, निमिषा, गौरव और ग्रेसी से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस रात में हुए घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?