
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन की प्रक्रिया से विद्यार्थियों को कराया गया अवगत
दुर्ग-भिलाई। शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली में 23 अक्टूबर 2026 को स्वीप (SVEEP) एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम विलोपित कराने तथा आवश्यक संशोधन के लिए दावा-आपत्ति की प्रक्रिया की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े प्राधिकृत अधिकारियों प्रभु लाल भोंदले एवं जयश्री वर्मा तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) बिंदु साहू, प्यारेलाल नायक, भारती खुटेल और सुलेखा दाहमा ने छात्र-छात्राओं को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में सुधार कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों का उपयोग कैसे किया जाता है।
फॉर्म-6, 7 और 8 भरने की प्रक्रिया समझाई
कार्यक्रम में अधिकारियों ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के प्रारूप प्रदर्शित करते हुए विद्यार्थियों को इनके उपयोग और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में प्रविष्टियों में सुधार सहित निर्धारित अन्य संशोधनों के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है। साथ ही विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि संबंधित फॉर्म कब और किस प्रकार भरे जाने चाहिए।
मतदाता जागरूकता की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की अपील
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के स्वीप एवं ईएलसी क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. लिनेन्द्र कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन से संबंधित जानकारी अपने परिवार, परिचितों तथा अन्य लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक नागरिक की भूमिका के प्रति प्रेरित किया गया।

