
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड स्थित शासकीय हाई स्कूल किरारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर कुछ शिक्षक टेबल पर चिकन और शराब की बोतलों के साथ पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्कूल परिसर में पार्टी का वीडियो बना चर्चा का विषय
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर के भीतर खाने-पीने और शराब पार्टी का आयोजन दिखाई दे रहा है। जिस परिसर में विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार दिए जाते हैं, वहीं इस तरह की गतिविधि सामने आने से ग्रामीणों और अभिभावकों में रोष है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षा विभाग ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कुमुदिनी द्विवेदी ने चार व्याख्याताओं—नरेन्द्र लहरें, राजेश धीरहे, राजू साहू और दिनेश चक्रधारी तथा अंशकालीन स्वीपर चंद्रकुमार रात्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सेवा नियमों के तहत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग शिक्षा संस्थानों की गरिमा बनाए रखने के लिए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

