230 से अधिक विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ, विशेषज्ञों ने कहा– स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की असली ताकत
दुर्ग/अंजोरा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा मेरा भारत (माई भारत) के तत्वावधान में संचालित “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के तहत अपोलो कॉलेज, अंजोरा में प्रेरणादायी जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 230 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत से हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सिद्धार्थ जैन ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं और समाज को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं।
‘हर युवा नशामुक्त रहेगा तो देश भी नशामुक्त बनेगा’
मुख्य वक्ता एवं युवा आइकॉन ऋषि त्रिपाठी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक युवा स्वयं नशामुक्त रहने का संकल्प ले ले, तो देश स्वतः ही नशामुक्त बन जाएगा। उन्होंने भारत सरकार की विभिन्न युवा कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
नशा केवल शराब नहीं, किसी भी बुरी आदत की लत भी नशा है
द्रोणाचार्य आईएएस अकादमी के निदेशक एवं नशा मुक्ति योद्धा के प्रतिनिधि गिरीश हरमुख ने कहा कि नशा केवल शराब, सिगरेट, गुटखा या मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है। कोई भी ऐसी आदत, जो व्यक्ति को अपनी गिरफ्त में लेकर उसकी स्वतंत्र सोच और जीवनशैली को प्रभावित करे, वह भी नशे का ही रूप है। उन्होंने आत्म-अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) समन्वयक जनेन्द्र दीवान ने युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, मेरा भारत की जिला युवा अधिकारी आरती मिश्रा ने कहा कि आज कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी नशे की लत का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी होगी।
पुलिस ने बताया कानून, मेडिटेशन से तनाव दूर करने के दिए टिप्स
अंजोरा थाना के चौकी प्रभारी चंद्रशेखर सोनी ने युवाओं को कानून, सामाजिक सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। वहीं, वेल हार्ट के ध्यान प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित मेडिटेशन मानसिक तनाव कम करने के साथ व्यक्ति को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मेरा भारत गीत और नशामुक्ति वीडियो ने किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान मेरा भारत गीत एवं नशामुक्ति यात्रा वीडियो का प्रदर्शन किया गया। वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली।
अतिथियों का सम्मान, अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प
महाविद्यालय के संचालक संजय अग्रवाल, डॉ. मनीष जैन एवं आशीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विशिष्ट अतिथियों, वक्ताओं एवं मेरा भारत समन्वयकों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में डॉ. राखी शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
मुख्य बिंदु
- 230 से अधिक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा।
- नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
- युवाओं को आत्म-अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश।
- मेरा भारत गीत एवं नशामुक्ति यात्रा वीडियो का प्रदर्शन।
- सभी ने “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


