रायपुर |
कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान घोषणा की कि ज्ञानेश्वरी को 30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्हें आउट ऑफ टर्न पदोन्नति देकर डिप्टी पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) नियुक्त किया जाएगा।
ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 53 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अनुशासन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुभकामनाएं दी थीं और पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल कर बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण, कोचिंग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने और उन्हें आगे बढ़ाने की नीति भविष्य में भी जारी रहेगी। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएं।
ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नति और 30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि की घोषणा को प्रदेश में खेल प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

