पत्नी का पक्ष लेने पहुंचे कर्मचारियों ने पति को पीट-पीटकर मार डाला, दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग, 4 जून 2026। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहंदी स्थित खाननाडी फार्म हाउस में एक व्यक्ति की पिटाई से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक नीलकंठ साहू अपनी पत्नी सावित्री साहू के साथ फार्म हाउस में रह रहा था। सावित्री पिछले करीब सात वर्षों से फार्म हाउस में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।

जानकारी के मुताबिक, 1 जून की रात करीब 9 बजे नीलकंठ साहू और उसकी पत्नी के बीच फिर विवाद हो गया। विवाद के दौरान नीलकंठ ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसे सिर पर चोट आई। पत्नी के साथ हो रही मारपीट देखकर फार्म हाउस में कार्यरत कर्मचारी राजेश वर्मा (50 वर्ष) और अमर सिंह (45 वर्ष) बीच-बचाव के लिए पहुंचे।

आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने नीलकंठ की पिटाई शुरू कर दी। राजेश वर्मा ने डंडे से हमला किया, जबकि अमर सिंह ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने के कारण नीलकंठ की तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद सावित्री साहू ने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?