
30 लाख रुपए के लेन-देन और ब्याज को लेकर था विवाद, VSK लॉग रिपोर्ट से पुलिस को मिला अहम सुराग
आरंग। बनचरौदा में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या का आरंग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के मुताबिक दोनों के बीच रेत, रियल एस्टेट और बुलियन ट्रेडिंग से जुड़े करीब 30 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। तीन महीने के ब्याज के भुगतान को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को चंद्रप्रकाश ने शिवकुमार को बनचरौदा के एक सुनसान इलाके में बुलाया था। वहां दोनों के बीच लेन-देन को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने धारदार हथियार और हथौड़े से शिवकुमार पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से मिली अहम जानकारी
हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल और मृतक से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू की। जांच के दौरान स्कूल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के साथ शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट भी खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक इन डिजिटल रिकॉर्ड से आरोपी की गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने चंद्रप्रकाश वर्मा से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की घटना स्वीकार कर ली।
30 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों शिक्षकों के बीच कारोबार से संबंधित करीब 30 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद था। ब्याज की रकम के भुगतान को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस फिलहाल इसी आर्थिक विवाद को हत्या की वजह मानकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
स्कूटी, हथियार और खून से सने कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कूटी, हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मोबाइल फोन, पर्स और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और लेन-देन की भी जांच कर रही है।
