बिलासपुर, 4 जून। NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया तथा बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।
जानकारी के अनुसार, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता केंद्रीय मंत्री के निवास की ओर कूच कर रहे थे। संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मंत्री के बंगले के आसपास कई स्तरों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रखी थी।
प्रदर्शनकारियों ने जब बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझपटी शुरू हो गई। घटनास्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। अफरा-तफरी के माहौल में हुई धक्का-मुक्की के दौरान विधायक का कुर्ता फट गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया और प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए बल प्रयोग किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई NSUI नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया तथा बसों के माध्यम से अन्य स्थानों पर भेज दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हुई और प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।
प्रदर्शन के बाद NSUI नेताओं ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले ने देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। संगठन ने आरोप लगाया कि मामले में दोषियों के खिलाफ अब तक अपेक्षित कठोर कार्रवाई नहीं की गई है। NSUI ने चेतावनी दी कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता मौजूद रहे।



