पाटन। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा (पाटन) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने तंबाकू निषेध विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने तंबाकू और नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. ए. के. वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर सी. आर. नेताम एवं डॉ. ओ. पी. परगनिहा ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर अधिष्ठाता डॉ. ए. के. वर्मा ने सभी विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने तथा समाज में इनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


