डायल 112 ड्राइवर भर्ती के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फेक पोस्टर, पुलिस ने दी चेतावनी

Spread the love

रायपुर 27 मई 2026। छत्तीसगढ़ में डायल 112 सेवा में ड्राइवर भर्ती के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इन दिनों एक कथित भर्ती पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डायल 112 की नई गाड़ियों के लिए ड्राइवरों की भर्ती किए जाने का दावा किया गया है। पोस्टर में भर्ती प्रक्रिया, वेतनमान और आयु सीमा से जुड़ी कई जानकारियां दी गई हैं, लेकिन पुलिस और डायल 112 प्रबंधन ने इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है।

वायरल पोस्टर में दावा किया गया है कि प्रदेश के 13 जिलों में डायल 112 सेवा के लिए ड्राइवरों की भर्ती की जाएगी। इसमें 13 हजार रुपये मासिक वेतन, 8 घंटे की ड्यूटी और 21 से 40 वर्ष तक की आयु सीमा का उल्लेख किया गया है। पोस्टर में यह भी दर्शाया गया है कि नई गाड़ियों के संचालन के लिए बड़ी संख्या में चालकों की जरूरत है। इसी वजह से कई युवा इस पोस्टर को सही मानकर जानकारी जुटाने में लग गए।

हालांकि, डायल 112 सेवा के संचालन से जुड़े अधिकारियों और पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कोई भर्ती प्रक्रिया फिलहाल शुरू नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार वायरल पोस्टर पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है, जिसका उद्देश्य लोगों को भ्रमित करना या ठगी का शिकार बनाना हो सकता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डायल 112 सेवा का संचालन करने वाली ठेका कंपनी GVK ने भी बयान जारी कर वायरल पोस्टर को फेक बताया है। कंपनी ने कहा है कि भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा किया जाए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्टर का कंपनी या डायल 112 सेवा से कोई संबंध नहीं है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फर्जी भर्ती विज्ञापन के जरिए बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाया जा सकता है। ऐसे मामलों में अक्सर आवेदन शुल्क, दस्तावेज सत्यापन या नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए पुलिस विभाग अब इस पूरे मामले की जांच कराने की तैयारी कर रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, वायरल पोस्टर को लेकर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साइबर विशेषज्ञ अब यह पता लगाने में जुटेंगे कि पोस्टर किसने तैयार किया और सोशल मीडिया पर इसे किस उद्देश्य से फैलाया गया।

गौरतलब है कि हाल ही में 18 मई को केंद्रीय गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ में डायल 112 सेवा के लिए करीब 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद से सोशल मीडिया में भर्ती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी बीच फर्जी पोस्टर वायरल होने से भ्रम की स्थिति बन गई।

पुलिस ने आम लोगों और युवाओं से अपील की है कि किसी भी भर्ती संबंधी जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी या संविदा भर्ती की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी केवल विभागीय वेबसाइट, अधिकृत विज्ञप्ति या आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही जारी की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?