
पाटन के सोनपुर गांव के पास देर रात हुई दुर्घटना, तीनों श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल; पुलिस ने शुरू की फरार चालक की तलाश
दुर्ग/पाटन। नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जा रहे पदयात्रियों के जत्थे के साथ सड़क हादसा हो गया। पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सोनपुर के पास देर रात तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पैदल जा रहे तीन श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अभनपुर से डोंगरगढ़ दर्शन के लिए निकला था जत्था
जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र के ग्राम नायकबांधा से 10 श्रद्धालुओं का जत्था मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल डोंगरगढ़ रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान देर रात जब श्रद्धालु पाटन क्षेत्र के सोनपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने आगे चल रहे तीन पदयात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पाटन थाना पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस पेट्रोलिंग
नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए मार्गों पर विशेष टैगिंग और मार्किंग कराई है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित दायरे में चल सकें। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, पदयात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। रात के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मार्गों पर पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। फरार पिकअप चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। ऐसे में रात के समय पदयात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है। वहीं, वाहन चालकों से भी अपील है कि वे पदयात्रियों की आवाजाही वाले मार्गों पर गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
