
राजनांदगांव। सिकंदराबाद एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में बेटे को जन्म दिया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), रेलवे स्टाफ और सहयात्री महिलाओं की तत्परता से सुरक्षित प्रसव कराया गया। इसके बाद डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर मां और नवजात को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की हालत स्वस्थ बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12771 सिकंदराबाद एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रही भारती नट (21), निवासी कवर्धा, को नागपुर और गोंदिया के बीच अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला अपने पति आयशर नट के साथ घर लौट रही थी। पति ने बताया कि प्रसव में अभी लगभग 15 दिन का समय बाकी था, इसलिए उन्हें रास्ते में ऐसी स्थिति की उम्मीद नहीं थी।
गोंदिया स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों से सहायता मांगने का प्रयास किया गया, लेकिन ट्रेन आगे बढ़ चुकी थी। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद दो महिला यात्रियों ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए महिला की मदद की, जिससे चलती ट्रेन में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे अधिकारियों ने तत्काल डोंगरगढ़ स्टेशन पर मेडिकल टीम को अलर्ट किया। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही मां और नवजात को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने मां और बच्चे को पूरी तरह स्वस्थ बताया है।
महिला के पति ने रेलवे प्रशासन, मेडिकल टीम और सहयात्री महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि समय पर मिली मदद की वजह से उनकी पत्नी और नवजात सुरक्षित हैं। यह घटना रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की संवेदनशीलता तथा त्वरित कार्रवाई का प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

