हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

Spread the love

कुलपति प्रो. डॉ. संजय तिवारी ने कहा- योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की संपूर्ण पद्धति

दुर्ग, 21 जून। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. संजय तिवारी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित एवं सकारात्मक बनाने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को नियमित योग करने की प्रेरणा देते हुए स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता की शपथ दिलाई।

योग मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम : हितेश टुटेजा

मुख्य अतिथि हितेश टुटेजा ने कहा कि आधुनिक जीवन में बढ़ते तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं के समाधान में योग अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और आंतरिक शांति प्रदान करता है तथा सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद करता है।

योगाचार्यों ने कराया योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में पतंजलि संस्थान हरिद्वार से प्रशिक्षित योगाचार्य उमेश साहू एवं योग विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुरेखा साहू ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया और योग के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।

सभी वर्गों की रही सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में हिस्सा लिया।

योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर सभी ने नियमित योगाभ्यास करने तथा योग के माध्यम से स्वस्थ, प्रसन्न और सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया।

“योगः कर्मसु कौशलम्” एवं “समत्वं योग उच्यते” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?