
बाइक समेत 3.60 लाख रुपये का सामान बरामद, हाईवे और ओवरब्रिज पर महिलाओं को बनाता था निशाना
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में महिलाओं के मोबाइल, नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग छीनकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 7 झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदातों में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित करीब 3 लाख 60 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
लगातार सामने आ रही झपटमारी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जांच में संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
हाईवे और ओवरब्रिज पर महिलाओं को बनाता था निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दो वारदातों को अंजाम दिया था। पहली घटना खुर्सीपार चौक स्थित तुलसी ट्रेडर्स के सामने हुई, जहां से मोबाइल और आभूषण छीने गए थे। दूसरी घटना डबरापारा ओवरब्रिज पर हुई, जहां आरोपी महिला का बैग छीनकर फरार हो गया था। बैग में नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे।
इसी तरह पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मोबाइल छीनने, जामुल थाना क्षेत्र के नंदनी रोड पर सोने के आभूषण और नकदी से भरा बैग छीनने तथा छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस ओवरब्रिज पर बैग झपटने की वारदात सामने आई थी। सुपेला थाना क्षेत्र में चंद्रा-मौर्या टॉकीज के पास और ओवरब्रिज के ऊपर दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इन घटनाओं में बैंक संबंधी दस्तावेज, एटीएम कार्ड और आभूषण छीने गए थे।
आरोपी के पास से सोने के जेवर और चार मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण राव (29 वर्ष), पिता एस. सीमांचल राव, निवासी डीएमसी तालाब, कुम्हारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, 5 ग्राम का सोने का सिक्का, टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इसके अलावा दो बड़े पर्स और बैग, 1300 रुपये नकद, दो बैंक पासबुक, एक चेकबुक, डायरी तथा विभिन्न बैंकों के एटीएम और डेबिट कार्ड भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामान में राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
संयुक्त कार्रवाई से सात मामलों का खुलासा
पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं के बैग छीनकर मौके से फरार हो जाता था। बैग में रखे मोबाइल, नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज उसके निशाने पर रहते थे। पुलिस ने जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये आंकी है।
संयुक्त पुलिस टीम की इस कार्रवाई से खुर्सीपार, पुरानी भिलाई, जामुल, छावनी और सुपेला थाना क्षेत्रों में दर्ज झपटमारी की सात वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ और मामले में अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

