भिलाई-3 महाविद्यालय में समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र एवं इतिहास विभागीय परिषदों का उद्घाटन, विद्यार्थियों को दिलाई शपथ

Spread the love

मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष व्याख्यान और स्वास्थ्य परीक्षण में 80 से अधिक NSS स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा

भिलाई-3। डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 के समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र एवं इतिहास विभाग में विभागीय परिषदों के उद्घाटन समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष व्याख्यान के साथ स्वास्थ्य परीक्षण भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. पूजा सिन्हा ने विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवकों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने तनाव, चिंता और मानसिक दबाव से बचने के उपाय बताते हुए सकारात्मक सोच, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या को मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याओं को मन में दबाकर रखने के बजाय परिवार, शिक्षकों या विशेषज्ञों से साझा करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. भारती सेठी ने कहा कि विभागीय परिषदें विद्यार्थियों को नेतृत्व और जिम्मेदारी का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को परिषद की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के साथ सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।

समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष श्रीमती मंजू दांडेकर ने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल पुस्तकीय ज्ञान से नहीं, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता से भी होता है। उन्होंने विभागीय परिषदों के माध्यम से विद्यार्थियों में सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर दिया।

अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश कुमार देवांगन ने NSS और विभागीय परिषदों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सेवा एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान तीनों विभागों की नवगठित परिषदों के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। समाजशास्त्र विभाग परिषद में अध्यक्ष साक्षी ध्रुव, सह-अध्यक्ष श्रद्धा साहू, सचिव लक्ष्मी देवांगन एवं सह सचिव कमलेश साहू को जिम्मेदारी दी गई। अर्थशास्त्र विभाग परिषद में अध्यक्ष नेहा चौबे, उपाध्यक्ष माधवी मांडले, सचिव अदिति पवार एवं सह सचिव जोसेन सिंदूर नियुक्त किए गए। इतिहास विभाग परिषद में अध्यक्ष वेनिका साहू, उपाध्यक्ष फन्नु वैष्णव, सचिव उदय राजपूत, सह सचिव तेजस्वीकान्त सिंगरौल एवं कोषाध्यक्ष भूमिका पाटले ने पदभार संभाला।

कार्यक्रम में अतिथि व्याख्याता डॉ. पूजा यादव, डॉ. ताजबी कुरैशी एवं डॉ. वर्षा सूर्यवंशी सहित समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र एवं इतिहास विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे। तीनों विभागों के विद्यार्थियों के साथ 80 से अधिक NSS स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी व्याख्यान एवं स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?