
खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर रायपुर ट्रांसफर कराने का दिया भरोसा, अधिकारियों तक पहुंच होने का किया दावा; दूसरी महिला से नौकरी के नाम पर 1.50 लाख लेने का भी आरोप
दुर्ग। मैट्रिमोनियल ऐप पर शादी के लिए दोस्ती करना एक विधवा शिक्षिका को महंगा पड़ गया। एक युवक ने खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताकर पहले शादी का प्रस्ताव दिया और फिर रायपुर में ट्रांसफर कराने का झांसा देकर शिक्षिका से 5 लाख 90 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने अधिकारियों तक अपनी पहुंच होने का दावा करते हुए ट्रांसफर के लिए 7 लाख रुपए खर्च होने की बात कही थी। मामले में दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्ग के नयापारा निवासी 36 वर्षीय सुषमा ठाकुर शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा), विकासखंड धमधा में शिक्षिका हैं। उनके पति का 24 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया था। वह अपनी सास और दो नाबालिग बच्चों के साथ रहती हैं। 23 मई 2026 को मैट्रिमोनियल ऐप के माध्यम से उनकी पहचान सारंगढ़ निवासी अर्जुन कसेर (34) से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को तलाकशुदा और सिंचाई विभाग में क्लर्क बताया तथा शिक्षिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।
रायपुर ट्रांसफर और शादी का दिया भरोसा
शिक्षिका द्वारा तत्काल शादी से इनकार करने के बाद आरोपी ने उन्हें रायपुर के आसपास ट्रांसफर कराने का भरोसा दिलाया। उसने बताया कि वह इंद्रावती भवन, सेक्टर-19 में पदस्थ है और सीईओ चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों से उसकी अच्छी पहचान है। आरोपी ने ट्रांसफर के लिए 7 लाख रुपए खर्च होने की बात कही और शिक्षिका से 6 लाख रुपए देने तथा एक लाख रुपए खुद लगाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही रायपुर ट्रांसफर होते ही शादी कर साथ रहने का भरोसा भी दिया।
आरोपी की बातों में आकर शिक्षिका ने एसबीआई की मालवीय नगर शाखा से 6 लाख रुपए का पर्सनल लोन लिया। इसमें से 90 हजार रुपए फोन-पे के माध्यम से आरोपी के बताए मोबाइल नंबर पर भेज दिए।
रेस्टोरेंट में बुलाकर लिए 5 लाख रुपए
30 मई 2026 को शिक्षिका 5 लाख रुपए नकद लेकर दुर्ग से रायपुर पहुंचीं। आरोपी ने उन्हें तेलीबांधा थाना के पास बुलाया और वहां से एक रेस्टोरेंट ले गया। उसने रकम सुरक्षित रखने की बात कहकर पांच लाख रुपए अपने पास रख लिए। इसके बाद अधिकारियों को पैसे देने का हवाला देकर शिक्षिका की एक्टिवा लेकर चला गया। करीब एक घंटे बाद वापस आकर उसने दावा किया कि सीईओ और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को रकम दे दी गई है और जल्द ही ट्रांसफर हो जाएगा।
दस्तावेज मांगने पर बनाने लगा बहाने
1 जून को शिक्षिका ने आरोपी से उसके तलाक प्रमाण पत्र और सिंचाई विभाग में नौकरी से संबंधित ज्वाइनिंग आदेश मांगे। इस पर आरोपी ने दस्तावेज पिता के पास होने और पारिवारिक परेशानी का हवाला देकर बात टाल दी। संदेह होने पर शिक्षिका ने 4 जून को शादी और ट्रांसफर का भरोसा तोड़ने की बात कहते हुए अपने 5.90 लाख रुपए वापस मांगे, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
दूसरी महिला से भी नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप
जांच के दौरान आरोपी का नाम स्मृति नगर चौकी के एक अन्य मामले में भी सामने आया है। आरोप है कि उसने एक महिला को कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर खुद को सिंचाई विभाग का क्लर्क बताया और उससे 1 लाख 50 हजार रुपए ले लिए।
ओडिशा से पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिक्षिका की शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने आरोपी अर्जुन कसेर के खिलाफ अपराध क्रमांक 336/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

