त्योहारों से पहले दुर्ग ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, शराबी ड्राइविंग और स्टंट पर सख्ती

Spread the love

दुर्ग-भिलाई। आगामी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। आने वाले दिनों में शिव महापुराण, गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दीपावली जैसे बड़े आयोजनों के चलते शहर में वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी सिलसिले में पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में यातायात पुलिस के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अब तक की गई कार्रवाई, यातायात व्यवस्था और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती

बैठक में एसएसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर वाले वाहनों, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई करने कहा गया।

सड़क पर बाइक या अन्य वाहनों से स्टंट करने वालों के खिलाफ विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्टंट करते पाए जाने पर संबंधित वाहन को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नो-एंट्री में भारी वाहनों की होगी जांच

शहर में नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर भी यातायात पुलिस नजर रखेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और वाहन चेकिंग की व्यवस्था की जाएगी।

हादसे वाले स्थानों का होगा निरीक्षण

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुर्घटना संभावित और हादसे वाले स्थानों का निरीक्षण करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दुर्घटनाओं के कारणों का मौके पर जाकर पता लगाया जाए।

यदि सड़क की खराब स्थिति, पर्याप्त रोशनी नहीं होना, यातायात संकेतकों की कमी, अतिक्रमण या किसी अन्य समस्या के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं तो संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक सुधार कराया जाएगा।

त्योहारों में बढ़ाई जाएगी पेट्रोलिंग

त्योहारी सीजन के दौरान शहर में यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

यातायात पुलिस की ओर से चेकिंग, पेट्रोलिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई और यातायात जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के साथ आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?