बीजेपी नेता से कहा था- “जो करना है कर लो”, वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
दुर्ग, 1 जून 2026। दुर्ग जिले के जनपद पंचायत CEO रूपेश कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है। कुछ दिनों पहले सुशासन तिहार के दौरान आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में बीजेपी ग्रामीण महामंत्री पुराण देशमुख के साथ उनकी तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में अधिकारी को “जो करना है कर लो” कहते हुए सुना गया था, जिसके बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में सामुदायिक भवन के लिए राशि जारी करने के मुद्दे पर बीजेपी नेता पुराण देशमुख ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इसी दौरान उनकी और जनपद पंचायत CEO रूपेश कुमार पाण्डेय के बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में तीखी नोकझोंक में बदल गई। घटना के समय दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर भी मौके पर मौजूद थे।
वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेताओं और स्थानीय लोगों ने अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संभागायुक्त कार्यालय को भेजी थी। इसके आधार पर संभागायुक्त कार्यालय ने रूपेश कुमार पाण्डेय को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था।
संभागायुक्त कार्यालय के अनुसार अधिकारी द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। वायरल वीडियो, प्रशासनिक रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा के बाद यह माना गया कि सुशासन तिहार जैसे शासकीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति अधिकारी का व्यवहार शासकीय सेवा नियमों के अनुरूप नहीं था।
दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्य नारायण राठौर ने प्रथम दृष्टया कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही एवं अनुचित आचरण मानते हुए रूपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार अब जिला पंचायत दुर्ग में पदस्थ प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े को सौंपा गया है।
यह कार्रवाई प्रशासनिक जवाबदेही और शासकीय कार्यक्रमों में अधिकारियों के आचरण को लेकर सरकार की गंभीरता को दर्शाती है।

