नाबालिग को पोर्न वीडियो दिखाकर दी धमकी, फिर किया दुष्कर्म; उप सरपंच का पति गिरफ्तार

Spread the love

सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा में उपसरपंच के पति पर अश्लील वीडियो दिखाकर 14 साल की नाबालिग आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। उप सरपंच पति ने दुष्कर्म के बाद नाबालिग को धमकाया और इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। यह भी आरोप है, पीड़िता के रिश्तेदारों को पैसों का लालच देकर थाने में शिकायत करने से भी रोका।

इस मामले में बुधवार शाम को रिश्तेदार, 100 ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी उप सरपंच पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव की 7वीं में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा सुबह-शाम उपसरपंच के घर काम करती थी और खाना भी बनाती थी। दिन में वह स्कूल जाती थी। बताया जा रहा है कि उपसरपंच ने छात्रा के रिश्तेदारों से उसकी शादी का पूरा खर्च उठाने का वादा भी किया था।

नाबालिग छात्रा का आरोप है कि वह 20 जुलाई को उपसरपंच के घर शाम को काम करने गई थी। उसने बताया कि वह किचन में खाना बना रही थी, इसी दौरान उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल ने पीछे से उसे पकड़ा और कमरे में ले गया। पीड़िता ने बताई, तरुण जायसवाल ने उसे मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाया और कहा कि तुम्हारे साथ ऐसा ही करना है। उसने नाबालिग के कपड़े उतारे और दो बार रेप किया। पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की तो मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।

नाबालिग जब रात 10 बजे तक घर नहीं लौटी तो उसकी बड़ी बहन उसे बुलाने उपसरपंच के घर पहुंची। उसे बाहर से ही यह कहकर लौटा दिया कि खाना नहीं बना है। दूसरी बार 11 बजे बड़ी बहन उसे लेने पहुंची तो नाबालिग उसके साथ घर लौटी। इसके बाद नाबालिग ने रोते हुए अपनी मां को आपबीती बताई। वारदात के दौरान तरुण जायसवाल घर पर अकेला था।

रिश्तेदारों ने बताया कि 21 जुलाई को तरुण जायसवाल ने कुछ लोगों को घर भेजकर पैसों का ऑफर दिया। आरोप है कि रिश्तेदारों को धमकी भी दी गई है और वे रिपोर्ट कराने न जा पायें, इसके लिए निगरानी भी लगाई। नाबालिग के पिता ने पैसे लेने से इंकार कर दिया और समाज के लोगों से सारी बातें रखी। मदद की गुहार लगाई। इसके बाद 22 जुलाई को करीब 100 लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

देर शाम तक ग्रामीण थाने में डंटे रहे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी तरुण जायसवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4,6 के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद नाबालिग को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। रात करीब 10 बजे उसका मेडिकल परीक्षण किया गया। कुछ अन्य जरूरी जांच के लिए उसे गुरुवार को फिर बुलाया गया है। देर रात रिश्तेदार नाबालिग को लेकर घर लौट गए।

पुलिस ने आरोपी को अंबिकापुर के चोपड़ापारा इलाके से हिरासत में ले लिया है। मामले में एसपी राजेश अग्रवाल का कहना है कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?