
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर देने के बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम एवं फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
पुलिस के अनुसार मृतकों में शाहिद की पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19) तथा बेटियां शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) शामिल हैं। परिवार पिछले करीब आठ महीने से संजय नगर में किराए के मकान में रह रहा था। शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
बदबू आने पर खुला मामला
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात के बाद से परिवार का कोई सदस्य दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार को पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहने और अंदर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी गई। टिकरापारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
पत्नी और बच्चों के शव फर्श पर, कारोबारी फंदे से लटका मिला
पुलिस ने देखा कि कारोबारी शाहिद का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे के फर्श पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कमरे से मिला कीटनाशक
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम को कमरे से खाने-पीने का सामान तथा एक कीटनाशक का डिब्बा मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले परिवार को जहरीला पदार्थ खिलाया गया और उसके बाद आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
बिहार का रहने वाला था परिवार
पुलिस के मुताबिक मृतक शाहिद मूल रूप से बिहार का निवासी था। उसका भाई रायपुर में ही रहता है, जिसने सभी शवों की पहचान की। पुलिस मकान मालिक और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मकान को सील कर दिया गया है।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। आर्थिक, पारिवारिक और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह का खुलासा किया जाएगा।


