रायपुर में कांग्रेस दफ्तर घेराव के दौरान बवाल: भाजपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन और आंसू गैस, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन के घेराव के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हालात बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले छोड़े। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के घेराव के दौरान राहुल गांधी ने अराजकता फैलाने की कोशिश की थी। इसी के विरोध में भाजपा ने रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय के घेराव का आह्वान किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बारिश के बावजूद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे।

स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी गैस की चपेट में आ गए। बाद में हालात बिगड़ते देख पुलिस ने दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया और दोनों पक्षों को पीछे हटाया।

ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट सहित कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी। प्रभावित मार्गों पर कुछ समय के लिए आवाजाही बंद रही। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

भाजपा नेताओं के बयान

डिप्टी सीएम अरुण साव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में “अर्बन नक्सलवाद” को बढ़ावा दे रहे हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस संविधान की मर्यादाओं का सम्मान नहीं कर रही और राष्ट्रीय मुद्दों पर राजनीति कर रही है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस भी करेगी विरोध प्रदर्शन

भाजपा के घेराव कार्यक्रम के बाद कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। राजीव भवन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे हैं। संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?