
दो महीने पहले बनाई थी हमले की योजना, गणेश झांकी के दौरान भी वारदात की कोशिश की थी; लाइब्रेरी से लौटते समय दोस्त ने युवती पर फेंका तेजाब
बालोद जिले में कॉलेज छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और युवती से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, युवती के अपने प्रेमी के अलावा दूसरे युवकों से बातचीत करने को लेकर आरोपी नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने बीजापुर निवासी दोस्त के साथ मिलकर करीब दो महीने पहले युवती पर हमला करने की साजिश रची थी। दोनों ने करीब 10 दिन पहले गणेश झांकी के दौरान भी युवती पर हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उन्होंने योजना टाल दी।
लाइब्रेरी से लौटते समय किया एसिड अटैक
5 अक्टूबर को युवती लाइब्रेरी से वापस लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी के दोस्त ने मौका देखकर उस पर तेजाब फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से आरोपियों तक पहुंच बनाई और घटना के करीब 8 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में वारदात की साजिश और आरोपियों की भूमिका से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल किए गए सामान सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे साजिश में शामिल अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है।

