NHM कर्मचारियों को मुख्यमंत्री साय की बड़ी सौगात, 33 दिनों की हड़ताल अवधि का मिलेगा वेतन

Spread the love

रायपुर 13 जून 2026। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी घोषणा की है। राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित एनएचएम कर्मचारियों के महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की, जिससे प्रदेशभर के हजारों स्वास्थ्य कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में इन कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में एनएचएम कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा।

उन्होंने “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” का उल्लेख करते हुए बताया कि इस अभियान के तहत बस्तर क्षेत्र की लगभग 90 प्रतिशत आबादी की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग पूरी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और एनएचएम कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा को एनएचएम कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कर्मचारियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रदेश सरकार का मानना है कि इस फैसले से स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?