मुंबई | एंटरटेनमेंट डेस्क
बॉलीवुड की चर्चित कल्ट फिल्म ‘आवारापन’ के सीक्वल ‘आवारापन 2’ का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लगभग 19 साल बाद लौट रही इस फिल्म में अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर अपने दमदार गैंगस्टर अवतार में नजर आएंगे, जबकि दिशा पाटनी का रहस्यमयी किरदार दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ा रहा है।
टीजर में दिशा पाटनी लाल रंग की पोशाक में वायलिन और सेलो बजाती हुई गंभीर और भावनात्मक अंदाज में दिखाई देती हैं। उनकी छोटी-सी झलक ने ही फैंस के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। माना जा रहा है कि उनका किरदार फिल्म की कहानी का अहम और भावनात्मक केंद्र होगा, जिसके कई राज फिलहाल मेकर्स ने छिपाकर रखे हैं।
फिल्म का एक और बड़ा आकर्षण दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी हैं, जो इस बार ‘नफीसा’ नाम की खतरनाक और प्रभावशाली विलेन की भूमिका निभा रही हैं। टीजर में उनका दमदार लुक यह संकेत देता है कि इस बार शिवम पंडित की राह पहले से कहीं अधिक मुश्किल होने वाली है।
फिल्म का निर्देशन नीतिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसका निर्माण विशेष फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म की शूटिंग बैंकॉक और राजस्थान की खूबसूरत लोकेशनों पर पूरी की गई है।
इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी अभिनीत यह रोमांटिक-एक्शन-थ्रिलर फिल्म 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस वीकेंड के मौके पर देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीजर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है और दर्शक अब इसके ट्रेलर व रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


