साईंस कॉलेज दुर्ग में एडमिशन की रफ्तार तेज: प्रथम मेरिट सूची के दो-तिहाई विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश, आज जारी होगी दूसरी मेरिट सूची, रिक्त सीटों पर मिलेगा मौका

Spread the love

दुर्ग, 23 जून 2026। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साईंस कॉलेज), दुर्ग में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रथम मेरिट सूची में चयनित लगभग दो-तिहाई विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। शेष रिक्त सीटों के लिए आज 23 जून को द्वितीय मेरिट सूची जारी की जाएगी।

दस्तावेजों की कमी से छात्रों को हो रही परेशानी

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि दूसरी सूची में चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों द्वारा अब तक कक्षा 12वीं की मूल अंकसूची और स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) जारी नहीं किए जाने से विद्यार्थियों को प्रवेश लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्यालय प्राचार्यों से आवश्यक दस्तावेज जल्द उपलब्ध कराने की अपील की है।

बी.कॉम में सबसे ज्यादा 216 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव के अनुसार 22 जून तक प्राप्त आंकड़ों में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर में 158, बी.कॉम में 216, बी.सी.ए. में 16, बी.एससी. गणित समूह में 77, कम्प्यूटर साइंस समूह में 40, आईटी एवं जियोलॉजी समूह में 15 तथा बी.एससी. बायोलॉजी समूह में 125 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश 23 से 30 जून तक

महाविद्यालय की स्वशासी परीक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने बताया कि सभी स्नातकोत्तर कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए गए हैं। सभी संकायों में स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया 23 जून से 30 जून तक संचालित होगी।

ऑनलाइन शुल्क जमा कर समय पर पूरा करें प्रवेश

डॉ. सलूजा ने छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने और ऑनलाइन माध्यम से शुल्क जमा करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?