युवक पहुंचा नाबालिग लड़की के घर, विवाद के बाद लड़की को सरेआम जड़ दिया थप्पड़, घटना से आहत नाबालिग ने उठाया ये खौफनाक कदम……

Spread the love

कोरबा,। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोंगरा स्थित एसईसीएल क्षेत्र की रोहिना बस्ती में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले गांव का एक युवक नाबालिग के घर पहुंचा था और उसे बाहर बुलाकर विवाद करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर युवक ने कथित रूप से लड़की के बाल पकड़कर सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद युवक वहां से चला गया।

बताया जा रहा है कि इस घटना से किशोरी मानसिक रूप से काफी आहत थी। कुछ समय बाद वह अपने घर में मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर रात होने के कारण शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका की मां मजदूरी के लिए राज्य से बाहर गई हुई हैं। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नाबालिग के पिता का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है, जिसके बाद परिवार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा था। किशोरी अपने भाई के साथ बुआ और नानी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, घटना से पहले की गतिविधियों तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?