धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस और एक युवक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में युवक पुलिस पर वाहन जांच के बहाने रोककर मारपीट और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाता नजर आ रहा है। वहीं पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए युवक पर अभद्र व्यवहार और जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू और एक युवक के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे वाहन जांच के नाम पर रोका और उसके साथ हाथापाई की। वीडियो में युवक के साथ उसकी पत्नी और बेटी भी मौजूद दिखाई दे रही हैं, जिसके बाद मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
इधर अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू ने बताया कि पोटियाडीह-मुजगहन बायपास मार्ग पर देर रात करीब 1:10 बजे पुलिस की रात्रि गश्त और वाहन जांच चल रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक अपनी पत्नी और बच्ची के साथ वहां से गुजर रहा था। पुलिस के अनुसार बाइक की नंबर प्लेट टूटी हुई थी, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ और वाहन को जांच के लिए रोका गया।
टीआई ने बताया कि जांच के दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और आवश्यक दस्तावेज दिखाने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर वे स्वयं मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि युवक लगातार बहस करता रहा और मोबाइल से वीडियो बनाकर पुलिसकर्मियों को उकसाने की कोशिश कर रहा था। बाद में पूछताछ के दौरान उसने खुद को किराएदार बताया, लेकिन उसकी जानकारी संबंधित थाने में दर्ज नहीं मिली।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि फिक्स प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी नियमित वाहन जांच कर रहे थे। संदिग्ध स्थिति और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण वाहन को रोका गया था। हालांकि मानवता के आधार पर युवक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और उसे समझाइश देकर परिवार सहित घर भेज दिया गया।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर पुलिस और युवक दोनों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मामले को लेकर चर्चा का दौर जारी है, जबकि पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमों के तहत की गई थी।

