
बालोद जिले के डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हथोद में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जहरीले सांप के काटने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, डिंपल चौहान (उम्र 6 वर्ष) अपने माता-पिता के साथ घर के फर्श पर सो रही थी। रात करीब 12 बजे के आसपास उसे जहरीले सांप ने काट लिया, लेकिन परिजनों को इसकी भनक नहीं लगी।
कुछ समय बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टी-दस्त होने लगे। परिजनों ने इसे सामान्य समस्या समझते हुए घरेलू उपचार के रूप में नींबू पानी आदि दिया। हालांकि, हालत में सुधार नहीं होने पर जब उन्होंने आसपास देखा तो बिस्तर के पास जहरीला सांप दिखाई दिया, जिससे घटना का अंदेशा हुआ।
इसके बाद परिजन तत्काल बच्ची को डौंडी लोहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान सांप के काटने की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान ही मासूम डिंपल ने दम तोड़ दिया।

