मोबाइल ठगी से बचाव से लेकर उपभोक्ता अधिकारों तक दी गई जानकारी, फिंगेश्वर महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Spread the love

उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 के प्रावधानों से रूबरू हुए 120 विद्यार्थी, मुख्य वक्ता डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने बताए शिकायत और त्वरित समाधान के तरीके

फिंगेश्वर। फणिकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय, फिंगेश्वर में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों, हितों की सुरक्षा तथा उपभोक्ता विवादों के त्वरित समाधान के प्रति जागरूक करना था। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सम्मानित सदस्य डॉ. नवीन श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के लगभग 120 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य प्रो. रितेश गोलछा ने कहा कि वर्तमान समय में उपभोक्ताओं को विभिन्न माध्यमों से ठगी का सामना करना पड़ता है। जानकारी के अभाव में कई बार लोग अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी उपायों का लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे में उपभोक्ता संरक्षण से जुड़ी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

कार्यशाला के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से मोबाइल पर आने वाले विभिन्न प्रकार के धोखाधड़ी वाले संदेशों और कॉल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) की भूमिका समझाते हुए अनजान नंबरों से आने वाले अनचाहे कॉल और संदेशों को ब्लॉक करने के व्यावहारिक तरीके बताए। साथ ही उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए उपभोक्ताओं के छह महत्वपूर्ण अधिकारों—सुरक्षा का अधिकार, सूचित होने का अधिकार, चुनने का अधिकार, सुने जाने का अधिकार, निवारण का अधिकार तथा उपभोक्ता शिक्षा का अधिकार—की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को आईएसआई, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), सेबी और ट्राई जैसे महत्वपूर्ण नियामक एवं प्राधिकरणों की भूमिका से भी परिचित कराया। दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को ट्राई के माईस्पीड ऐप और डीएनडी 2.0 ऐप के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके माध्यम से इंटरनेट की गति जांचने, दूरसंचार सेवाओं से संबंधित शिकायत दर्ज करने तथा अनचाहे व्यावसायिक कॉल और संदेशों को बंद करने की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यार्थियों ने अपने मोबाइल फोन पर इन सुविधाओं का उपयोग करना भी सीखा। इसके अतिरिक्त नकली एवं गुणवत्ताहीन वस्तुओं के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और उपभोक्ता शिकायतों के विभिन्न चरणों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने उपभोक्ता अधिकारों और डिजिटल ठगी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने विस्तारपूर्वक जवाब दिया। नगर पंचायत राजिम की एल्डरमैन श्रीमती मधु नथ्थानी ने भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन होने पर उन्हें उपभोक्ता संरक्षण परिषद के माध्यम से शिकायत दर्ज करानी चाहिए और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रो. कमलेश्वर प्रसाद निषाद ने मुख्य वक्ता, अतिथियों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला से प्राप्त जागरूकता और जानकारी युवाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए।

कार्यशाला के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री तीरथ राम कपूर, ग्रंथालय प्रभारी डॉ. भुलेश्वरी साहू तथा अतिथि सहायक प्राध्यापक श्री सतप्रीत सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?