
दुर्ग में एक ही अपार्टमेंट में रहने वाले दोनों परिवारों के बीच हुआ विवाद, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप; सुपेला पुलिस ने दर्ज की काउंटर FIR
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में उधार दिए गए पैसों की वापसी को लेकर पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी के परिवार के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ गई। घटना सुपेला थाना क्षेत्र के आकृति हाइट्स अपार्टमेंट की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाद में एक पक्ष से स्मृति नगर चौकी प्रभारी एसआई अमित अंदानी की पत्नी मुस्कान और दूसरे पक्ष से BSP की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी गीतांजलि सिंह शामिल हैं। गीतांजलि सिंह ने वर्ष 2019 में दुर्ग लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रही थीं।
शादी के लिए उधार दिए थे पैसे, वापसी को लेकर बढ़ा विवाद
मुस्कान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गीतांजलि सिंह ने जुलाई महीने में अपनी बहन की शादी के लिए उनसे पैसे उधार लिए थे। रकम वापस लेने के सिलसिले में उन्हें गीतांजलि के घर बुलाया गया था। वहां गीतांजलि की मां सुनीता सिंह से बातचीत के दौरान रोशनी सिंह ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उनके साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की गई। मुस्कान ने मारपीट में बाएं हाथ की कोहनी, दाहिने कान और गले में चोट आने की शिकायत की है।
दिवाली पर रकम लौटाने की कही थी बात
दूसरी ओर गीतांजलि सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्होंने मुस्कान से उधार ली गई रकम दिवाली पर लौटाने की बात कही थी। घटना के दिन वह घर से बाहर थीं। इसी दौरान मुस्कान उनके घर पहुंचीं और उनकी बहन रोशनी सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। गीतांजलि का कहना है कि उन्होंने मुस्कान के साथ कोई मारपीट नहीं की और न ही उनके घर गई थीं।
एग्रीमेंट और चेक देने को तैयार थीं गीतांजलि
गीतांजलि सिंह के मुताबिक, वह उधार की रकम लौटाने के लिए एग्रीमेंट बनाने और चेक देने को तैयार थीं। इसके लिए उन्होंने दो से तीन महीने का समय मांगा था। उनका कहना है कि घर में विवाद और हंगामा होने पर उन्होंने पुलिस को फोन किया। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला थाने पहुंचा। गीतांजलि ने आरोप लगाया कि शुरुआत में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई, हालांकि बाद में बहस के बाद शिकायत ली गई और उनकी बहन को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। शाम को उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी काउंटर एफआईआर दर्ज कराई गई।
एक ही अपार्टमेंट में रहते हैं दोनों परिवार
बताया गया है कि दोनों परिवार आकृति हाइट्स अपार्टमेंट में ही रहते हैं। मुस्कान छठवें फ्लोर पर जबकि गीतांजलि सिंह दूसरे फ्लोर पर रहती हैं। दोनों परिवारों के बीच पहले से परिचय और आना-जाना था। गीतांजलि के अनुसार, शादी के समय मुस्कान ने बताया था कि एक ज्वेलरी दुकान में उनके 5 से 6 लाख रुपए फंसे हुए हैं। इस पर गीतांजलि ने दुकान से रकम निकलवाकर शादी में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव दिया था।
गीतांजलि का दावा है कि बाद में मुस्कान ने अपनी ज्वेलरी भी दी थी, जिस पर करीब साढ़े 4 से 5 लाख रुपए का लोन था। दोनों के बीच जमीन खरीदने और गिरवी रखने को लेकर भी बातचीत हुई थी, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। गीतांजलि ने कुल लेनदेन की रकम करीब 12 लाख 20 हजार रुपए बताई है।
रकम के हिसाब को लेकर दोनों पक्षों में विवाद
गीतांजलि का कहना है कि वह पैसों के लेनदेन का हिसाब एग्रीमेंट के माध्यम से तय करना चाहती थीं और रकम की वापसी के लिए चेक देने को भी तैयार थीं। वहीं मुस्कान ने उधार की रकम वापस नहीं मिलने को लेकर शिकायत की है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
